
पिथौरागढ़ के रावतगढ़ के रहने वाले हैं दोनों लोग
लोहाघाट ब्लॉक के विविल गांव की घटना
इस साल के मानसून अवधि में आपदा से यह दूसरी मौत
देवभूमि टुडे
चंपावत/पंचेश्वर। चंपावत जिले के नेपाल सीमा से लगे लोहाघाट ब्लॉक के पंचेश्वर क्षेत्र की ग्राम पंचायत विविल में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक अन्य ग्रामीण जख्मी हो गया। घायल शख्स का इलाज चल रहा है।
प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक 26 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 11 बजे घाट-नेत्र सलान रोड पर (ग्राम पंचायत विविल के तोक दरो) एकाएक मलबा आ गया। बैल खरीदने जा रहे पिथौरागढ़ जिले के दो ग्रामीण मलबे की चपेट में आ गए। जानकारी लगने पर पुलिस, SDRF और लोक निर्माण विभाग की टीम ने तत्काल मौके मौके पर पहुंच बचाव एवं राहत कार्य किया। ग्रामीणों के सहयोग से इन एजेंसियों ने दोनों फंसे लोगों को मलबे से बाहर निकाला। लेकिन एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक लक्ष्मण चंद (18) पुत्र प्रकाश चंद रावतगढ़ जिला पिथौरागढ़ का निवासी है। जबकि रावतगढ़ का हरीश चंद (27) पुत्र नारायण चंद चोटिल हो गया। जख्मी हरीश चंद को मौके पर इलाज देने के बाद लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान के जख्मी व्यक्ति की हालत खतरे से बाहर है। अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता दी गई। साथ ही शव को उनके गांव तक पहुँचाने की व्यवस्था की गई है। राहत एवं बचाव कार्य में SDM नीतू डांगर, CO शिवराज सिंह राणा, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, तहसीलदार जगदीश नेगी, BDO कवींद्र सिंह रावत आदि अधिकारियों ने हाथ बंटाया। इस साल के मानसून अवधि में आपदा से यह दूसरी मौत है। इससे पूर्व 18 जून को पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाड़ में मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।











