जिपं अध्यक्ष को लेकर BJP में घमासान के संकेत

BJP के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की कवायद में कुछ सदस्यों ने दी दस्तक
15 सदस्यीय चंपावत जिला पंचायत में BJP से जुड़े हैं 13 सदस्य
देवभूमि टुडे
चंपावत। जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी के अनारक्षित होने की संभावना के बीच इस पद को लेकर भाजपा में रस्साकस्सी भी तेज हो गई है। चंपावत जिला पंचायत में अधिकांश सदस्य भाजपा के हैं। ऐसे में उसका अध्यक्ष बनना तय है। अध्यक्ष बनने की प्रबल संभावना के बीच इस कुर्सी को लेकर भी कई सदस्य अपनी दावेदारी ठोकने लगे हैं। इसके लिए पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से मिलने के लिए देहरादून में दस्तक दे रहे हैं।
15 सदस्यीय चंपावत जिला पंचायत में 10 सीटें भाजपा ने जीती। इसके अलावा 3 अन्य सदस्य भी भाजपा से संबद्ध हैं। कांग्रेस को सिर्फ एक सीट खरही की मिली है। समीकरण भाजपा के अनुकूल होने के साथ ही पार्टी के भीतर इस पद पर काबिज होने की होड़ भी तेज हो गई है। गरसाड़ी सीट से 4645 वोटों से जीतने वाले आनंद सिंह अधिकारी अध्यक्ष पद की कुर्सी में सबसे आगे बताए गए हैं। मौजूदा समीकरणों में उनकी राह को आसान माना जा रहा है।
वहीं इस पद पर अपनी दावेदारी के लिए कुछ अन्य सदस्यों ने भी गोलबंदी शुरू कर दी है। सूत्र बताते हैं कि जिला पंचायत के कुछ सदस्य और उनके प्रतिनिधि देहरादून दस्तक दे रहे हैं। सरकार और पार्टी नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। बताते हैं कि यह धड़ा मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र से जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने की कोशिश कर रहा है। ये प्रयास कितने कामयाब होंगे? यह तो समय ही बताएगा, लेकिन मौजूदा हालात में ऐसा लगता है कि लगातार तीसरी बार लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत अध्यक्ष बन सकता है। लोहाघाट क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्यों की 9 सीटें होने से भी उसका पलड़ा भारी बताया जा रहा है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत का कहना है कि पार्टी में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर किसी तरह का टकराव नहीं है। पार्टी संगठन रायशुमारी सहित अन्य पहलुओं पर विचार कर उचित समय पर उचित फैसला करेगा। पार्टी नेतृत्व संगठन के हित में निर्णय लेगा।

error: Content is protected !!