
जिला पंचायत की अधिकांश सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव जिला प्रभारी और दर्जा राज्यमंत्री शंकर सिंह कोरंगा ने दावा किया है कि भाजपा आगामी पंचायत चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। 12 जुलाई को लोनिवि विश्रामगृह में हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। पार्टी की रणनीति पहले दिन से ही स्पष्ट थी, जिसके चलते अब तक जिला पंचायत के 3 सदस्य भाजपा के समर्थन से निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। कोरंगा ने दावा किया कि ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान की सीटों पर भी भाजपा बढ़त बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासोन्मुखी सोच ने कार्यकर्ताओं और आम जनता में जोश भरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडेय, राजू गड़कोटी, चंद्रशेखर बगौली, अर्जुन माहरा, लोहित खोलिया मौजूद थे।


