

आपदा संभावित क्षेत्रों की गर्भवती को प्रसव से एक सप्ताह पूर्व नजदीकी प्रसव केंद्र में रखा जाएगा
संभावित प्रसव तिथि वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर सूची जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध रखी जाएगी
DM मनीष कुमार ने लापरवाही बरतने पर संबंधित चिकित्साधिकारी के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी
देवभूमि टुडे
चंपावत। मानसून काल में चंपावत जिले में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए मानसून काल में चंपावत जिले में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष इंतजाम करने के CMO डॉ. देवेश चौहान को निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को संस्थागत सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मानसून काल में ऐसी महिलाओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। DM मनीष कुमार ने बताया कि आपदा संभावित क्षेत्रों की गर्भवती को प्रसव से एक सप्ताह पूर्व नजदीकी प्रसव केंद्र या अन्य संस्थागत सुविधा में रहने की व्यवस्था की जाएगी। मानसून काल में संभावित प्रसव तिथि वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर ये सूची संबंधित SDM, BDO और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि समय पर गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जा सके। DM ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना संबंधित चिकित्साधिकारी की जिम्मेदारी होगी। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

