

किसी भी हथियार से अधिक ताकतवर है देश के नागरिकों की राष्ट्रीय एकता : CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने SSB की बनबसा गड्डाचौकी बार्डर आउट पोस्ट का किया दौरा
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसी भी देश की शक्ति उसके पास मौजूद हथियारों से कहीं अधिक उस देश के नागिरकों की एकता पर निर्भर करती है। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच उन्होंने देश की तीनों सेनाओं के साथ अर्द्धसैनिक बलों के साहस को सलाम करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में देश के सभी नागरिकों की एकजुटता ने विश्व में भारत के कद को ऊंचा किया है।
11 मई को मुख्यमंत्री ने जिले के प्रवेशद्वार बनबसा में भारत-नेपाल सीमा पर SSB (सशस्त्र सीमा बल) की 57वीं वाहिनी के चौकी बॉर्डर आउट पोस्ट का दौरा किया। उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की निंदा करते हुए हाल ही में हुए पहलगाम हमले को कायरतापूर्ण बताया। इसका मुंहतोड़ जवाब हमारी सेना और सुरक्षाबलों ने दिया है। उन्होंने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण माहौल में देश के लोगों ने सामूहिक एकता और राष्ट्रवाद का परिचय दिया है। उन्होंने SSB के अधिकारियों एवं जवानों से भेंट कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सीमाओं की सुरक्षा में दिए जा रहे SSB के जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा में तैनात हमारे जवान देश की शान हैं। कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए उत्तराखंड सरकार केंद्र सरकार एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य कर रही है। धामी ने कहा कि हमारी सीमाएं, हमारे सुरक्षा बलों की सहायता से पूरी तरह अभेद्य हैं, और इनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने SSB के अधिकारियों से सीमा चौकियों की अवस्थापना सुविधाएं, संचार व्यवस्था, गश्त की व्यवस्था और जवानों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माणा जैसे सीमावर्ती गांवों को ‘प्रथम गांव’ की संज्ञा दी है, जो राष्ट्र की सीमाओं और संस्कृति की पहली पहचान हैं। इस दौरान उन्होंने जवानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं, अनुभवों और जमीनी परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। SSB के DIG अमित शर्मा, चंपावत के DM नवनीत पांडे, ऊधमसिंह नगर के DM नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, SP अजय गणपति आदि मौजूद थे।




