


टनकपुर में नशे में असंतुलित होकर नाली में गिरने की आशंका, लेकिन परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा
पुलिस ने कहा-हर एंगल से होगी जांच
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर में एक युवक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। युवक का शव एक नाली से बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है।
जानकारी के मुताबिक अभिषेक गिरी (22) पुत्र राकेश गिरी एक जीप में हेल्पर था। कल 29 अप्रैल को ड्यूटी के बाद अपने एक साथी के साथ उन्होंने शराब पी। रात घर नहीं पहुंचने पर इधर-उधर जानकारी ली, लेकिन कहीं कोई पता नहीं लगा। आज 30 अप्रैल को आसपास के लोगों ने टनकपुर के सीताराम मंदिर के नजदीक एक नाली पर गिरे एक युवक को देखा। युवक की पहचान अभिषेक गिरी के रूप में हुई। परिजन आननफानन में अभिषेक को टनकपुर उप जिला अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉ. नवनिहाल सिंह ने बताया कि अभिषेक गिरी की अस्पताल आने से पहले ही मौत हो गई थी।
30 अप्रैल को पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। मुंह में चोट के हल्के निशान बताए गए हैं। बाद में गमगीन माहौल में अभिषेक गिरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। नशे में असंतुलित होकर नाली में गिरने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन परिजनों ने बेटे को मारने का अंदेशा जताया है। अलबत्ता पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी।


