


चंपावत जिले में कई जगह हुआ प्रदर्शन
पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत और 17 लोग घायल हुए
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। दक्षिण कश्मीर के प्रमुख पर्यटक स्थल पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत ने देशभर में लोगों को झकझोर दिया है। चंपावत जिले में भी इस हमले का पुरजोर विरोध हुआ। चंपावत स्टेशन रोड पर 23 अप्रैल को भाजपा और अन्य संगठनों ने आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। गोविंद सामंत, श्याम नारायण पांडेय, प्रेमा पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिह फर्त्याल, विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष मोहित पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, कैलाश अधिकारी, सनी वर्मा, सूरज प्रहरी, चंद्रकिशोर बोहरा, सूरज बोहरा, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, आनंद अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। नगर मंत्री दीपक भट्ट, जिला सह संयोजक सागर मौनी, नगर सह मंत्री सोनू जोशी, उमेश बिनवाल, विकास चौधरी आदि शामिल रहे। इधर चंपावत के एसएस जीना परिसर में भी छात्रों के साथ शिक्षकों ने भी पहलगाम की घटना पर आक्रोश जताया।
लोहाघाट में लोगों ने आतंकी हमले में मारे गए लोगों के लिए दो मिनट का मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी सहित तमाम लोग मौजूद थे। राज्य आंदोलनकारी हरगोविंद बोहरा ने कहा कि आतकंवाद की वारदात ने झकझोर दिया है। आतंकवाद को सख्ताई से कुचला जाना चाहिए। पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की गोली मार कर हत्या की। इसके अलावा 17 लोग हमले में घायल भी हुए। दहशतगर्दों ने पर्यटकों से नाम पूछ कर गोली बरसाई।


