


टनकपुर नगरपालिका के विकास कार्यो में लापरवाही और जनप्रतिनिधियों से अभद्रता का आरोप लगाया
CM कैंप कार्यालय के जरिए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
EO ने नकारे सभी आरोप
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। टनकपुर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पर कई आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया। 11 मार्च को मोर्चा कार्यकर्ताओं ने CM कैंप कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
भाजपा महिला मोर्चा कोषाध्यक्ष निशा, महामंत्री अनीता यादव, मंडल अध्यक्ष तुलसी के नेतृत्व में प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने EO द्वारा सफाई ठेकेदार के कर्मचारियों को भड़का कर धरना प्रदर्शन करवाने और पालिकाध्यक्ष के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया। जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाए विकास कार्यो के संचालन में लापरवाही बरती जा रही है। EO की हीलाहवाली के चलते पूर्णागिरी मेले को लेकर नगर क्षेत्र में की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। ज्ञापन में EO के कार्यो की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई है। प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में मनोरमा देवी, लीलावती, माधुरी, कोमल गिरी, संगीता, शांति देवी, कमल निषाद, रंजीत, पूनम देवी, लीलावती, अनीता देवी, सुनीता देवी आदि महिलाएं शामिल रहीं।
दूसरी तरफ अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा से नगर और नगरपालिका हित में काम कर रहे हैं।




