


IG अमित कुमार ने नेपाल APF अफसरों संग सीमा सुरक्षा पर मंत्रणा की।
IG ने टनकपुर और बनबसा से लगी नेपाल सीमा क्षेत्र का किया निरीक्षण
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। SSB (सशस्त्र सीमा बल) सीमांत मुख्यालय रानीखेत के IG (महानिरीक्षक) अमित कुमार ने नेपाल से लगे अवैध रास्तों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बूम एवं बनबसा BOP (बॉर्डर आउट पोस्ट) का निरीक्षण कर उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में मित्रवत व्यवहार के साथ ही संदिग्ध लोगों, अपराधियों और तस्करों पर लगाम लगाने को कहा। महानिरीक्षक ने हाल ही में SSB द्वारा तस्करी पर नकेल कसने और प्रतिबंधित सामग्रियों की जब्ती में मिली सफलता के लिए पीठ थपथपाई।
महानिरीक्षक अमित कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित नियमित अभियानों और नागरिक कल्याण कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ किए जा रहे समन्वय और विकासपरक गतिविधियों पर संतोष जताते हुए इन कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बूम के बाद बनबसा पहुंचे महानिरीक्षक ने नेपाल APF (आर्मड पुलिस फोर्स) के अधिकारियों के साथ बैठक कर अंतरराष्ट्रीय सीमा सुरक्षा के मद्देनजर उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा की। बैठक के दौरान उप महानिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, कमांडेंट मनोहर लाल, जसवंत, सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।



