
CM कैंप कार्यालय में OSD आरसी शर्मा ने मुख्यमंत्री घोषणा के कामों की प्रगति की समीक्षा की
चंपावत जिले के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अब तक की गई हैं 298 घोषणाएं
देवभूमि टुडे
चंपावत। मुख्यमंत्री के OSD (विशेष कार्याधिकारी) आरसी शर्मा ने मुख्यमंत्री घोषणा के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए। CM कैंप कार्यालय में 6 मार्च को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। वन अथवा अन्य तरह की अनापत्ति को दूर करने के लिए काम किया जाए। CM कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने बताया कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ओर से तमाम काम किए जा रहे हैं। ये काम समय पर हो, इसकी प्रगति की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है।
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चंपावत जिले के लिए अब तक 298 घोषणाएं की जा चुकी हैं। इनमें से 175 घोषणाएं या तो पूरी हो चुकी है अथवा प्रगति पर हैं। 5 घोषणाएं विलोपित की जा चुकी है, इसके अलावा 4 के विलोपन के प्रस्ताव भेजे गए हैं। 114 घोषणाएं अभी अपूर्ण हैं। इनमें वन अनापत्ति, भूमि नहीं मिलने से लेकर कई अन्य अवरोध आ रहे हैं। इन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। समीक्षा बैठक में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुकेश महराना आदि मौजूद थे।



