नशे के खिलाफ विशेष अभियान…उत्तराखंड में 2 माह में 591 अभियुक्त गिरफ्तार

DGP दीपम सेठ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए की प्रदेश की अपराध और अपराध नियंत्रण की समीक्षा
इस साल फरवरी तक 24.25 करोड़ रुपये मूल्य की 936.56 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद
नशे के खिलाफ विशेष अभियान को 31 मार्च तक बढ़ाया
देवभूमि टुडे
चंपावत/देहरादून। नशे के तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में उत्तराखंड में वर्ष 2025 के शुरुआती दो महीनों में अब तक 427 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। तस्करी में लिप्त 591 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के साथ उनसे 24.25 करोड़ रुपये मूल्य की 936.56 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा कानून व्यवस्था के दृष्टिगत गढ़वाल व कुमाऊं रेंज और सभी जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अपराध और अपराध नियंत्रण की 1 मार्च को की गई समीक्षा में ये ब्योरा सामने आया। अभियान के दौरान 26 आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया गया। इनमें से 15 अभियुक्तों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई 1.74 करोड़ कीमत की संपत्ति अधिग्रहित की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को 2025 तक नशामुक्त उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके मद्देनजर पुलिस नशे के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। जनवरी से शुरू इस विशेष अभियान को अब 31 मार्च तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। DGP दीपम सेठ ने विभिन्न अपराधों में लिप्त वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, गैर जमानतीय/कुर्की वारंटों की तामील के लिए 1 माह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
गंभीर आपराधिक घटनाओं में लापरवाही या शिथिलता बरतने पर संबंधित थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों की जवाबदेही तय करने को कहा गया। सभी जिला प्रभारियों को लगातार प्रभावी रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग, नाका/बैरियर्स पर सघन चेकिंग कराने और भीड़भाड़ वाले महत्वपूर्ण स्थानों पर पैदल गश्त कराने के लिए निर्देशित किया गया। समीक्षा गोष्ठी में ADG (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी मुरुगेशन, ADG (प्रशासन/अभिसूचना) एपी अंशुमान, IG (अभिसूचना) कृष्ण कुमार वीके, IG (अपराध एवं कानून व्यवस्था) नीलेश आनंद भरणे सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ।
error: Content is protected !!