
चंपावत में रंग कारवां संस्था के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम
नशा हटाओ जीवन बचाओ ने नशे के खिलाफ जागरूक भी किया
देवभूमि टुडे
चंपावत। गैर सरकारी संस्था रंग कारवां की वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में नाटक, लघु फिल्म और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक संदेश दिए गए। चंपावत प्रेक्षागृह में हुए कार्यक्रम में संस्था की मुखिया वंदना ने रंग कारवां की यात्रा और कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, क्षेत्र पंचायत प्रशासक रेखा देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कुमाऊंनी गीत उत्तराखंड मेरी मातृभूमि से कार्यक्रम का आगाज हुआ।
कार्यक्रम में दिल्ली की मंजि़ल ड्रामेबाज और विभोर संस्था की प्रस्तुतियों ने खास रंग जमा दिए। साथ ही जय हिंद प्रोजेक्ट द्वारा उनके काम पर बनाई गई लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई। इस फिल्म का मुख्य आकर्षण रानी नाम की बच्ची रही। जिसने अपनी यात्रा साझा करते हुए दर्शकों में नई उम्मीद और हौसला जगाया। रंग कारवां से जुड़े पीएलएलसी और पॉपअप लाइब्रेरी के बच्चों ने कठपुतली शो और बैंगनी जोजो नाम की किताब पर आधारित पहाड़ी नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सौरभ ने अपने गाने से सभी को मंत्रमुग्ध किया और कल्पना ने अपनी पेंटिंग से प्रदर्शनी क्षेत्र को सजा दिया। दिल्ली से आई मंजिल ड्रामेबाज की टीम ने चीढ़ विहीन नाटक प्रस्तुत किया। जिसमें हास्य के साथ सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। नीरज और राहुल ने अपने चुटकुलों से दर्शकों को खूब हंसाया। रंग कारवां की मुख्य टीम ने सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की एक कविता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया और समाज के गहरे सच को सामने रखा। अंत में दिल्ली से आई विभोर टीम की लड़कियों ने अपने गानों से समा बांधा और सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रेडक्रॉस अध्यक्ष राजेंद्र गहतोड़ी ने रंग कारवां संस्था को इस शानदार कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को आयोजित करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में गणमान्यों के साथ रंग कारवां की टीम ने सभी रंगशाला फेलोज़ को प्रमाणपत्र वितरित किए।
मुख्य अतिथि रेडक्रॉस अध्यक्ष राजेंद्र गहतोड़ी, जनकवि प्रकाश चंद्र जोशी शूल, साहित्यकार हिमांशु जोशी, सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी लोकमणि पंत, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी जनार्दन चिल्कोटी, व्यापार संघ के चंपावत के अध्यक्ष विकास साह, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी भूपेंद्र देव ताऊ, शिक्षक नवीन पंत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। कार्यक्रम के एंकर अंकित और किरण थे। 23 फरवरी को हुए कार्यक्रम में तरुण, पंकज, निर्मला, लता सचिन, नीरज, ज्योति, हिमानी, संगीता, मनीषा, मोनू, आदित्य, रवि, अंजलि, शिल्पा, राहुल, किरण, यमुना आदि सदस्य एवं परिवारजन मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान नशा हटाओ जीवन बचाओ संस्था के संयोजक सामश्रवा आर्य ने नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश जोशी शूल, शिक्षक नवीन पंत सहित कई लोग मौजूद थे।





