
बनबसा में पर्वतीय समाज के लोगों के लिए कथित अपमानजनक टिप्पणी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी संसदीय कार्यमंत्री के बयान की निंदा की
देवभूमि टुडे
चंपावत/बनबसा। उत्तराखंड विधानसभा में संसदीय कार्यमंत्री की ओर से पर्वतीय समाज के लोगों के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि मंत्री की टिप्पणी से उत्तराखंड के लोग आहत हैं।
23 फरवरी को कांग्रेस प्रदेश सचिव विमला सजवाण और INTUC (भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस) के प्रदेश सचिव विनोद उप्रेती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संसदीय कार्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल के बयान को राज्य निर्माण और राज्य आंदोलन की मूल भावना का अपमान बताया। कहा कि मंत्री का विधानसभा में शुक्रवार को दिया बयान घनघोर आपत्तिजनक है। वक्ताओं ने मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की गई। पुतला दहन में वरिष्ठ कांग्रेसी देवेंद्र गुरुंग, बिजेंद्र कुमार, दिनेश उप्रेती, संजय मल्ल, दिवाकर चंद, नवीन, हसन आलम, जंग बहादुर थापा, कविंद्र, शाहिद अहमद, राहुल भंडारी, भुवन, अनिल समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी संसदीय कार्यमंत्री के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि असंसदीय भाषा बोलने वाले मंत्री को पद पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। सरकार को तत्काल उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए।



