
चंपावत के भैरवां क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते चली गोली
आरोपी भतीजे रिटायर्ड बैंक अधिकारी के खिलाफ मुकदमा
दिनदहाड़े गोली चलाने से क्षेत्र में दहशत
देवभूमि टुडे
चंपावत। चंपावत के भैरवां क्षेत्र में भतीजे ने अपने चाचा को लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार दी। जख्मी चाचा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल की जांघ में गोली लगी है। जमीनी विवाद के चलते आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। दिनदहाड़े गोली चलाने से शहर में दहशत फैल गई।
चंपावत के भैरवां में 4 फरवरी को दिनदहाड़े एक व्यक्ति ने चाचा पर फायर झौंक दिया। कोतवाल प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि भैरवां निवासी रिटायर्ड बैंक अधिकारी महेंद्र सिंह तड़ागी और उनके चाचा दिनेश सिंह तड़ागी के बीच जमीनी विवाद चल रहा था। मंगलवार दोपहर जमीन को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद हो गया। जिसके बाद महेंद्र सिंह तड़ागी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से चाचा दिनेश सिंह तड़ागी पर गोली चला दी। गोली दिनेश सिंह तड़ागी के बाएं जांघ में जा लगी। इस वारदात से इलाके में दहशत मच गई। आननफानन में दिनेश सिंह तड़ागी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज कर रहीं डॉ. लता ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कोतवाल ने बताया कि घायल की पत्नी किरन तड़ागी ने आरोपी महेंद्र सिंह तड़ागी के खिलाफ हत्या करने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने घटना स्थल का मुआयना किया है। कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। दरोगा ललित पांडेय मामले की जांच कर रहे हैं।





