तेंदुए की दस्तक से दहशत…ग्रामीण सहमे

लोहाघाट से लगे फोर्ती और बनीगांव की गुर्राहट से खौफजदा लोग, तेंदुए के डर से निजात दिलाने की मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। चंपावत जिले के पहाड़ी क्षेत्रों के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए की दस्तक से लोग दहशत में हैं। दिन दहाड़े आबादी वाले क्षेत्रों में तेंदुआ दिखने से कामकाजी महिलाओं की दिनचर्या भी प्रभावित हो रहे हैं। महिलाएं अकेले खेतों में काम करने से भी डर रही हैं। 3 फरवरी की तड़के तेंदुए की गुर्राहट से लोहाघाट से लगे फोर्ती और बनीगांव के लोग डरे सहमे रहे। तेंदुआ करीब 3 घंटे तक दहाड़ मारता रहा। कई ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह करीब 4 बजे से तेंदुआ फोर्ती के जंगल में गुर्रा रहा था। तेंदुए की गुर्राहट इतनी भयावह थी कि उसे सुनकर लोग काफी देर तक घरों से बाहर नहीं निकले। लोगों के मुताबिक लंबे समय से फोर्ती और मायावती के जंगलों में तेंदुआ घूम रहा है। तेंदुए ने कई बेसहारा मवेशियों और पालतू कुत्तों को मौत के घाट उतार दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त कर तेंदुए को पिंजड़े में कैद करने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में तेंदुए दिखने की खबरें लगातार आ रही हैं। वन कर्मी गश्त कर रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी जोशी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।  

प्रतीकात्मक फोटो।
error: Content is protected !!