श्री पूर्णागिरि तहसील के उचौलीगोठ गांव में घुसा हाथी, ग्रामीणों ने बचाव के ठोस उपाय करने की वन विभाग से मांग की
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। शारदा वन रेंज से सटे उचौलीगोठ में हाथी की फिर से दहशत बढ़ने लगी है। हाथी ने खेत में खड़ी फसल को रौंदा है। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी गेहूं की फसल को रौंदते जंगल को चला गया। खौफजदा ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को गांव में घुसने से रोकने के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर तहसील मुख्यालय में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
सामाजिक कार्यकर्ता गणेश महर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 8 बजे हाथी पूर्णागिरि मार्ग पर उचौलीगोठ गांव में घुस आया। बताया कि ग्रामीणों के शोर मचाने पर रात करीब 12 बजे उसे गांव से भगाया जा सका। लेकिन तब तक हाथी तान सिंह, रघुवर सिंह, रमेश भट्ट, दान सिंह, पान सिंह के गेहूं की फसल रौंद गया। सोलर फेंसिंग के बावजूद हाथी के गांव में घुसने से लोग परेशान हैं।