
तल्लादेश क्षेत्र के सोराई गांव का वाकया
तबीयत बिगड़ने पर 87 साल की द्रोपदी देवी को डोली से रोड तक लाया गया
देवभूमि टुडे
चंपावत/तल्लादेश। एक तरफ दिवाली का पर्व उल्लास से मनाया जा रहा है, वही चंपावत जिले के तल्लादेश क्षेत्र के कई गांव रोड ना होने से विकास की कमी के अंधेरे से जूझ रहे हैं। रोडविहीन ऐसे ही एक गांव की बुजुर्ग बीमार महिला को डोली के सहारे अस्पताल ले जाया गया।
सोराई के पूर्व ग्राम प्रधान और सामाजिक कार्यकर्ता दान सिंह बोहरा ने बताया कि आज 22 अक्टूबर को द्रोपदी देवी (87) पत्नी भवान सिंह की एकाएक तबीयत बिगड़ी। कमजोरी और चक्कर आने के चलते उन्हें आननफानन में डोली के सहारे सोराई स मंच गोरखनाथ धाम के नजदीक रोड तक लाया गया। 11 किलोमीटर के इस पैदल मार्ग को तय करने में 4 घंटे से अधिक का समय लगा। ग्रामीण राहुल बोहरा, मोहित बोहरा, नवीन बोहरा, कपिल बोहरा, मनोज बोहरा, मेघनाथ बोहरा, रमेश बोहरा, बची सिंह, सोनू सिंह, सुभाष सिंह, विमल सिंह आदि ने डोली को ढोने में सहयोग किया। फिर यहां से वाहन के माध्यम से बुजुर्गा को चंपावत अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि सोराई गांव आज भी सड़क से वंचित है। जबकि इसके लिए कई बार गांव के लोग आवाज उठा चुके हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग के चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता मोहन चंद्र पलाड़िया का कहना है कि सोराई गांव को सड़क से जोड़ने के लिए विभाग ने सर्वे की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन अब इस सड़क को PMGSY के जरिए आगे बढ़ाया जा रहा है।




