
15 साल की कराटे खिलाड़ी अनामिका बिष्ट को तीलू रौतेली पुरस्कार और शक्तिपुरबुंगा केंद्र की दीपा पांडे को मिलेगा राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास निदेशालय ने की पुरस्कारों की घोषणा
देवभूमि टुडे
चंपावत। लोहाघाट की कराटे खिलाड़ी अनामिका बिष्ट को तीलू रौतेली पुरस्कार 2024-25 मिलेगा। इस पुरस्कार के लिए उनका चयन किया गया है। वहीं चंपावत की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दीपा पांडे को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास निदेशालय ने इन पुरस्कारों की घोषणा की है।
15 वर्षीय अनामिका बिष्ट ने छोटी उम्र से ही कराटे में खास पहचान बनाई है। उन्होंने जुलाई 2025 में आयोजित दक्षिण एशिया कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। पुलिस कर्मी पिता हरीश सिंह बिष्ट और गृहणी मां मीनाक्षी बिष्ट की बेटी महज आठ वर्ष की उम्र से कराटे का प्रशिक्षण ले रही है। अनामिका वर्तमान में दीपक सिंह अधिकारी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
वहीं 19 वर्ष से शक्तिपुरबुंगा के आंगनबाड़ी केंद्र में सेवारत दीपा पांडे को उनकी निष्ठा और कार्यकुशलता के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार मिलेगा। वर्तमान में इस केंद्र में 8 बच्चे नामांकित हैं। दोनों विजेताओं को इस साल 4 सितंबर को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।


