
पाटी क्षेत्र के सिमलखेत से 18 पेटी शराब सहित एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
देवभूमि टुडे
चंपावत/पाटी। अंग्रेजी शराब की 16 पेटी और दो पेटी बीयर के साथ एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा दे फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पाटी पुलिस और SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) ने सिमलखेत के पास चेकिंग के दौरान एक कार में लाई जा रही 18 पेटी अवैध शराब को पकड़ा। शराब संग एक आरोपी पाटी निवासी आशीष बिष्ट (26) को गिरफ्तार किया गया। अलबत्ता दूसरा आरोपी पुनेठी चंपावत का प्रमोद सिंह अंधेरे का फायदा उठा फरार हो गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 व 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम में पाटी के उप निरीक्षक विपुल चंद्र जोशी, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र बिष्ट, रमेश सिंह राणा, कांस्टेबल कमलनाथ गोस्वामी, SOG के हेड कांस्टेबल महेंद्र डंगवाल, ललित कुमार, कांस्टेबल कुलदीप सिंह और सूरज कुमार शामिल थे।

