पंचायत चुनाव…160 ग्राम पंचायतों का गठन खटाई में

चंपावत जिले के ग्राम पंचायत सदस्यों की 67% से ज्यादा सीटों के लिए एक भी नामांकन नहीं
312 ग्राम पंचायतों की 2286 सीटों में महज 753 में ही हुए नामांकन
ग्राम पंचायत के गठन के लिए दो-तिहाई सीटों पर चुनाव अनिवार्य
विभिन्न समितियों के सदस्य होते हैं ग्राम पंचायत सदस्य
देवभूमि टुडे
चंपावत। त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में सबसे निचली और सबसे जरूरी इकाई है ग्राम पंचायत, लेकिन इस ग्राम पंचायत के सदस्यों को लेकर चुनाव लड़ने का रत्तीभर भी उत्साह नहीं है। ग्राम पंचायत सदस्यों की सीटों में इस बार महज 32.93% नामांकन हुआ है। इस वजह से चंपावत जिले की 160 से भी अधिक ग्राम पंचायतों के गठन पर खतरा मंडरा गया है। किसी भी ग्राम पंचायत के गठन के लिए कुल सदस्यों के दो-तिहाई का निर्वाचन अनिवार्य है।
चंपावत जिले की 312 ग्राम पंचायतों में कुल 2286 ग्राम पंचायत सदस्य हैं। इन ग्राम पंचायतों में 5 से लेकर 11 तक सदस्य हैं। ग्राम पंचायत सदस्यों को मिलाकर ग्राम पंचायत में 5 समितियां गठित होती हैं। नियोजन एवं विकास, शिक्षा, निर्माण कार्य, स्वास्थ्य एवं कल्याण, प्रशासनिक तथा
जल प्रबंधन समिति होती है। अध्यक्ष और सदस्यों को मिलाकर बनने वालीं इन समितियों की जिम्मेदारी सामूहिक होती है। लेकिन इतनी महत्वपूर्ण समितियों में इस बार जिले में ग्राम पंचायत सदस्यों की 2286 सीटों में से सिर्फ 753 में ही पर्चे भरे गए हैं। ये नामांकन पत्र कितनी ग्राम पंचायतों के लिए भरे गए हैं, इसका ब्योरा अभी नहीं मिल सका है। लेकिन यह तय है कि 160 से अधिक ग्राम पंचायतों के गठन में अड़चन आने का अंदेशा है।
वहीं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानी) का अतिरिक्त दायित्व देख रहे DPRO बीआर आर्य का कहना है कि जिन ग्राम पंचायतों में सदस्यों की दो-तिहाई सीटें नहीं भर सकेंगी, वहां पंचायतों का गठन नहीं हो सकेगा। ग्राम पंचायतों का गठन होने के बाद ही ग्राम प्रधान को अधिकार मिलते हैं। निर्वाचन की मौजूदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त सीटों में उप चुनाव होंगे, जिसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग बाद में अलग से कार्यक्रम तय करेगा।
ब्लॉकवार सदस्य- नामांकन:
चंपावत: 853- 286
बाराकोट: 342- 155
लोहाघाट: 487- 234
पाटी: 604- 078
उत्तराखंड बनने के बाद अब तक हुए पंचायती चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्यों की तस्वीर:
वर्ष- कुल सदस्य- नामांकन
2003– 1727- 1381-
2008– 1848- 1355-
2014– 2035- 1436-
2019– 2303- 755-
2025– 2286- 753-

प्रतीकात्मक फोटो।
error: Content is protected !!