देवीधार महोत्सव…उमड़े श्रद्धालु, देवडांगरों ने दिया आशीर्वाद

तीन गांवों से निकले देवी रथ
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। मां भगवती मंदिर देवीधार लोहाघाट में 26वें देवी महोत्सव का रथ यात्रा के साथ समापन हुआ। तीन गांव के देवी रथों ने देवीधार मंदिर की परिक्रमा की। हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती मंदिर देवीधार में शीश नवाया।
10 जुलाई को सुबह से ही देवीधार मंदिर में श्रद्धालुओं का उमड़ना शुरू हो गया था। शाम करीब पौने पांच बचे सबसे पहले रायनगर चौड़ी से देवडांगरों ने देवीरथ पर सवार होकर मां भगवती मंदिर की परिक्रमा की। डोले में कालिका के रूप में हरीश कापड़ी विराजमान थे। 5.05 मिनट पर कलीगांव के देवीरथ में मां भगवती के रूप में नारायण पुजारी और महाकाली के रूप में हरू देवी सवार थी। आखिर में करीब साढ़े 5 बजे डैंसली गांव से मां भगवती का डोला मंदिर पहुंचा। जिसमें भगवती के देवडांगर करन देऊपा और महाकाली के रतन सिंह देवी रथ में सवार थे। महिलाओं ने मां के जयकारे लगाए। देवीधार विकास समिति के अध्यक्ष जीवन मेहता ने कहा कि भविष्य में महोत्सव को और भव्य रूप दिया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त था।
अखिलतारिणी धाम में निकली देवी रथ यात्रा
चंपावत/लोहाघाट। नेपाल सीमा से लगे अखिलतारणी मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व पर देवी रथ यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने मां अखिलतारिणी मंदिर में शीश नवाया।
10 जुलाई को सुबह अखिलतारिणी मंदिर में पंडित संजय पांडेय ने पूजा संपन्न कराई। दोपहर बाद रथ में सवार कालिका के रूप में आभा सिंह और भगवती के रूप शिवराज और उल्का देवी के रूप में बाबू लाल ने चंवर गाय की पूछ हिलाकर भक्तों को आशीर्वाद दिया। लोहाघाट, टनकपुर नायकगोठ के लोगों ने मेले में विशाल भंडारा किया। अखिलतारणी मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि मेले को आने वाले समय में भव्य रूप दिया जाएगा। संजय पांडेय, योगेश रैंसवाल, लक्ष्मण सिंह, राहुल सिंह, हरीश जोशी, पीयूष जोशी, मान सिंह, अनिल जोशी, हीरा बल्लभ जोशी, रोशन सिंह, नीरज सिंह, शुभम सिंह, दीवान सिंह, रमेश सिंह आदि ने सहयोग किया।

error: Content is protected !!