

उत्तराखंड से गुजरने वाले टनकपुर पहुंचे इस पहले दल में 45 यात्री शामिल
कल 5 जुलाई को सुबह 8 बजे मुख्यमंत्री धामी हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
देवभूमि टुडे
चंपावत/टनकपुर। कैलाश मानसरोवर यात्रियों के पहले दल का चार जुलाई की शाम को टनकपुर पर्यटक आवास गृह टनकपुर पहुंचने पर छोलिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया। परंपरागत परिधान पहनी बालिकाओं और महिलाओं ने इन यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। पहले दल में कुल 45 (32 पुरुष और 13 महिलाएं) यात्री शामिल हैं। कल 5 जुलाई को सुबह 8 बजे इस पहले जत्थे को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
आज टनकपुर पर्यटक आवास गृह में रात्रि विश्राम के बाद ये दल पांच जुलाई की सुबह टनकपुर से चंपावत होते हुए पिथौरागढ़ के लिए रवाना होगा। यात्रा दल में सर्वाधिक उम्र के 69 साल के उत्तर प्रदेश के राजेश कुमार नागपाल और सबसे युवा तीर्थयात्री 25 वर्ष के गुजरात के सुमैया बसंत भाई पटेल हैं। कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, चंपावत के डीएम मनीष कुमार सहित तमाम अफसरों ने यात्रियों का स्वागत किया।
वर्ष 2019 के बाद इस साल जून से इस यात्रा को फिर से शुरू किया गया है। भारत में उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे के अलावा सिक्किम के नाथूला दर्रे से यह यात्रा शुरू की गई है। इस बार कुल 750 यात्रियों को कैलाश मानसरोवर यात्रा का मौका मिला है। उत्तराखंड से 5 और सिक्किम से 10 दल यात्रा कर रहे हैं। वर्ष 1958 के बाद यात्रा पहली बार टनकपुर होते हुए कैलाश मानसरोवर जा रही है।








