
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जनकवि शूल ने किया जन जागरण
देवभूमि टुडे
चंपावत। अपनी कुटिया बचानी है? ये तय कर… निज लुटिया डुबानी है? ये तय कर। कन्या भ्रूण गिराना है तुझको? या फिर निज बिटिया बचानी है? ये तय कर… कुछ इस अंदाज में क्वैराला घाटी के जन कवि प्रकाश जोशी शूल ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता अभियान चलाया।
बिटिया बचेगी (तो) कुटिया बचेगी के तहत अभियान के संयोजक शूल ने बालक-बालिकाओं के बीच किसी तरह का भेदभाव नहीं करने की शपथ दिलाई। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जननी सुरक्षा योजना, नंदा-गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित बालिकाओं और महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इसका लाभ लेने की अपील की। क्षेत्र के लोगों को उनकी भाषा, बोली में सरल तरीके से समझाने के उद्देश्य से वे म्यारा पहाड़कि चेलि… कुमाऊंनी काव्य संग्रह के जरिए समाज को प्रेरित कर रहे हैं।

अपराध से बचाव में मददगार गौरा शक्ति एप, करें उपयोग
बालिका दिवस पर चंपावत और लोहाघाट में पुलिस का जागरूकता अभियान
देवभूमि टुडे
चंपावत/लोहाघाट। बालिका दिवस पर पुलिस ने चंपावत के पूर्णागिरि बीएड कॉलेज में गोष्ठी कर बालिकाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी मीनाक्षी नौटियाल के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों के शोषण से बचाव की कानूनी उपायों के अलावा उनसे बचने के तरीके बताए गए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए उत्तराखंड पुलिस एप और गौरा शक्ति एप की जानकारी देते हुए डाउनलोड करने की अपील की गई। लोहाघाट के केंद्रीय विद्यालय में दरोगा अरविंद गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम हुए। साइबर क्राइम से बचाव और महिला व बालिकाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी देने वाला साहित्य भी वितरित किया गया।



